मंगलवार, 20 अगस्त 2019

किसान भोजनालय में लगी भीषण आग

किसान भोजनालय में लगी भीषण आग

जोधपुर। बारहवी रोड चौराहे के पास स्थित किसान भोजनालाय में सोमवार तडक़े अचानक भीषण आग लग गई। आग के वक्त भोजनालय बंद था और धुआं तथा लपटे उठती देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने पर शास्त्रीनगर और बासनी अग्निशमन केंद्रों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और करीब डेढ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के बारहवीं रोड चौराहे के समीप स्थित किसान भोजनालय में सोमवार तडक़े करीब सवा पांच बजे लगी भीषण आग ने कुछ ही क्षणों में विकराल रूप धारण कर लिया। सुबह के समय भोजनालय बंद होने के कारण कोई हादसा नहीं हुआ। हमेशा व्यस्त रहने वाले किसान भोजनालय में सवा पांच बजे वहां से निकलने वाले लोगों ने धुआ निकलते देखा। इस पर वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। देखते ही देखते पूरा किसान भोजनालय धधक उठा। आग की ऊंची लपटें निकलती देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। थोड़ी देर में ही दमकलकर्मियों ने पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। भोजनालय के गेट बंद होने के कारण आग पर काबू पाने में मुश्किल आई। बाद में गेट को तोडक़र अन्दर तक फॉम और पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। भोजनालय में काफी मात्रा में तेल घी भी पड़ा था जिसके कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की विकरालता को देखते हुए शात्रीनगर और बासनी से पांच दमकलों को मौके पर बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे में इन सभी दमकलों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया। आग बुझने तक भोजनालय का सारा फर्नीचर जल गया। माना जा रहा है कि भोजनालय के भीतर बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण निकली चिंगारियों के कारण आग लगी। प्रारंभिक तौर पर इस आगजनी से लाखों रुपए के नुकसान की संभावना व्यक्त की गई है।

 



source https://krantibhaskar.com/farmer-restaurant/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें