गुरुवार, 22 अगस्त 2019

छात्रसंघ चुनाव के लिए आज भरे जाएंगे नामांकन

छात्रसंघ चुनाव के लिए आज भरे जाएंगे नामांकन

जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए सभी प्रमुख पार्टियों द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद चुनाव प्रचार में तेजी आ गई है। बुधवार को विवि के सभी संकायों में एनएसयूआई, एबीवीपी और एसएफआई के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार कर मत व समर्थन मांगा। वहीं छात्रसंघ चुनाव में शीर्ष पदों और संकायों के लिए नामांकन गुरुवार को दाखिल किए जाएंगे। एपेक्स के चार पदों के लिए नामांकन एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के सिविल विभाग और विभिन्न संकायों के नामांकन संबंधित संकाय अधिष्ठाता कार्यालय में जमा करवाए जाएंगे। कमला नेहरू महिला महाविद्यालय में एपेक्स पदों के नामांकन केएन कॉलेज में ही और सांयकालीन अध्ययन संस्थान के एपेक्स पदों के नामांकन संस्थान में ही दाखिल किए जाएंगे।

उम्मीदवार गुरुवार सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगें। इसके बाद शाम पांच बजे तक नामांकन पत्रों की छंटनी के साथ ही आपत्तियां ली जाएगी। इसके बाद वैद्य उम्मीदवारों की सूची घोषित की जाएगी। अगले दिन शुक्रवार सुबह दस बजे चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की सूची चस्पा की जाएगी। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते है। शाम पांच बजे तक चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। चुनाव के लिए मतदान 27 अगस्त को सुबह 8 से दोपहर एक बजे तक होगा। मतगणना अगले दिन 28 अगस्त को सुबह 11 बजे से अंतरिम परिणाम जारी होने तक होगी।

चुनाव प्रचार परवान पर

जेएनवीयू छात्रसंघ चुनाव की तारीख नजदीक आने की वजह से विभिन्न छात्र संगठनों के घोषित उम्मीदवारों ने नामांकन भरने से पहले ही जोर-शोर से प्रचार करना शुरू कर दिया है। इस वजह से चुनाव प्रचार अब परवान पर चढऩे लगा है। एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी त्रिवेंद्रपाल सिंह और एनएसयूआई के प्रत्याशी हनुमान तरड़ ने एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ ही विभिन्न कैंपस में प्रचार प्रसार किया। वहीं अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोक रहे रविंद्रसिंह भाटी ने भी पुराना परिसर के साथ विभिन्न समाजों के छात्रावासों में मत एवं समर्थन की अपील की। यहां चतुष्कोणीय मुकाबले को रोचक बनाने वाले एसएफआई के अजयसिंह टाक ने अपने समर्थकों के साथ नया परिसर घूमकर छात्र-छात्राओं से वोट व समर्थन देने की अपील की। उन्होंने छात्र-छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। केएन कॉलेज में भी चुनावी रंगत चरम पर नजर आई। छात्राएं अपनी साथी छात्राओं के साथ चुनावी प्रचार कर रही थी।

20 हजार 910 मतदाता

जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में इस बार 20 हजार 910 छात्र-छात्राएं अपने मतदान का उपयोग करेंगे जो पिछले साल से 1503 मतदाता कम है। सर्वाधिक मतदाता कमला नेहरु कालेज में है जो 4560 है। विज्ञान संकाय में 3103, कला में 3804, विधि में1921, वाणिज्य में 2859, सांयकालीन में1896 और  इंजीनियरिंग में 2767 मतदाता है। मतदाता सूची रंगीन होगी जिससे छात्र-छात्राएं आसानी से अपना नाम व फोटो सूची में तलाश कर पाएंगे।

 



source https://krantibhaskar.com/students-union-for-elections-today-b/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें