गुरुवार, 22 अगस्त 2019

बाइक चोर गैंग पकड़ी, पांच गिरफ्तार

बाइक चोर गैंग पकड़ी, पांच गिरफ्तार

 

44 गाडिय़ां बरामद, एक साल में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से नब्बे बाइक चुराना स्वीकार किया

जोधपुर। महानगर की सरदारपुरा पुलिस ने एक बाइक चोर गैंग का खुलासा करते हुए कई गाडिय़ां बरामद करने के साथ पांच शातिर चोरों को पकडऩे में सफलता हासिल की है। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने पिछले एक साल में नब्बे बाइक चोरी की है। इसमें 44 गाडिय़ों की बरामदगी की गई है। शेष वाहनों की बरामदगी की जा रही है।

डीसीपी वेस्ट प्रीति चंद्रा ने बताया कि शहर में हो रही बाइक चोरी क ी वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एडीसीपी कैलाश सिंह, एसीपी पश्चिम चैनसिंह महेचा के सुपरविजन में सरदारपुरा थानाधिकारी लिखमाराम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इस टीम ने अथक परिश्रम के बाद कई जगहों पर सीसी टीवी कैमरों के फुटेजों को देखा और बाइक उड़ाने वालों पर नजर रखी। इसके बाद पुलिस के हाथ शातिर बाइक चोर लगे। पुलिस ने आमला फलोदी निवासी गोरखाराम उर्फ गोरधनराम पुत्र धन्नाराम मेघवाल, हापों की ढाणी पीलवा लोहावट निवासी आेमाराम पुत्र अणदाराम मेघवाल, भुदेरिया की ढाणी जैमला बाप निवासी हुसैन पुत्र बालम खान व उमरदीन पुत्र समरू खान और जुनेजों की ढाणी गांव लोडिया फलोदी माफिद पुत्र शौकत खान को गिरफ्तार किया है। उक्त मुलजिमों के संपर्क में आए एक अन्य नाबालिग से भी संदेह होने पर पूछताछ की गई लेकिन किसी प्रकार की लिप्तता नहीं पाए जाने पर परिजनों के साथ रवाना किया गया।

इस तरह हाथ आए आरोपी

पुलिस टीम ने वाहन चोरी के एक मामले में मुलजिम गोरखाराम उर्फ गोरधनराम व आेमाराम को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद चोरी की मोटर साइकिल बरामद की। मुलजिम गोरखाराम ने जोधपुर शहर से गत एक वर्ष में करीब 90 मोटर साइकिल चोरी करना स्वीकारा व साथी मुलजिम आेमाराम द्वारा भी गोरखाराम के साथ करीब आधा दर्जन मोटरसाइकिलें चुराना बताया एवं तीन अन्य आरोपी माफिद खान, उमरदीन व हुसैन खान को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया। उन्होंने पूछताछ में यह चोरी की मोटर साइकिलें गोरखाराम से खरीदना बताया। गोरखाराम की सूचना पर उसके गांव आमला से छिपाकर रखी गई 30 मोटर साइकिलें जब्त की गई। वहीं आेमाराम की सूचना पर उसके गांव पीलवा की ढाणियों में 6 मोटर साइकिलें बरामद हुई। हुसैन व उमरदीन ने अन्य 5 मोटर साइकिलें गोरखाराम से खरीदकर गाव शेखासर में अपने बेरे पर छिपाई होना बताया जहां से उन्हें बरामद किया गया।  बरामद की गई मोटर साइकिलें सरदारपुरा के अलावा पुलिस थाना उदयमंदिर, महामंदिर, बनाड़ आदि कई अन्य थानों से चुराई गई है। अन्य मोटरसाइकिल के बारे में पूछताछ की तो मुलजिमों ने मारवाड़ ऑटो पार्टस फलोदी के मालिक अल्लाबख्श को करीब दो दर्जन मोटर साइकिलें बेचना बताया है, जिसकी तलाश जारी है।

शौक पूरे करने के लिए चोरी

गोरखाराम आले दर्जे का वाहन चोर है जिसके विरुद्ध पूर्व में भी पुलिस थाना उदयमंदिर में चोरी के आपराधिक प्रकरण दर्ज हो रखे है। मुलजिम से चोरी करने के कारणों के बारे में जानकारी प्राप्त की तो उसने बताया कि वह अपने शौक व मौज पूरे करने के लिए चोरी का काम करता है। उसने पहली चोरी सन 2011 में की। उस समय वह नाबालिग था। वह एक दिन में दो-दो मोटर साइकिलें चोरी करता था। वह एक मोटर साइकिल को पार्किंग में खड़ी कर रसीद प्राप्त करता था एवं एक मोटर साइकिल लेकर अपने गांव चला जाता था। फिर वापिस आकर पार्किंग से मोटर साइकिल को लेकर अपने गांव चला जाता था। इस तरह से उसने सारी वारदातों को अंजाम दिया। मुलजिम आेमाराम करीब 4-5 बार गोरखाराम के साथ आकर मोटर साइकिल चोरी करके ले गया। एक मोटर साइकिल वह किशोरबाग मंडोर से चुरा ले गया था जिसमें एक मोबाइल फोन भी साथ लेकर गया था। उस मोबाईल फोन की वजह से एक-दो बार पुलिस उसकी तलाश में उसके गांव गई थी लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा था।

4 हजार में बेच देते थे बाइक

पुलिस ने बताया कि चोर गिरोह शहर के विभिन्न भागों से मोटर साइकिलें चुरा रहा था। इसके बाद तीन से चार हजार रुपए में चोरी की इन मोटर साइकिलों को बेच दिया जाता था। पुलिस ने एक पखवाड़े में दूसरा बाइक चोर गिरोह पकडऩे की कार्रवाई को अंजाम दिया है। गत आठ अगस्त को पुलिस ने एक युवक व नाबालिग से चोरी की 17 मोटर साइकिल बरामद की थी। बता दे कि शहर में बाबा के जातरुओं के साथ वाहन चोर गैंग भी सक्रिय हो गए हैं। जातरुओं की आड़ में आने वाली यह गैंग विभिन्न क्षेत्रों में जाकर न सिर्फ वाहनों को निशाना बनाती है बल्कि दुकानों और घरों में भी चोरी की वारदात को अंजाम देती है।

 



source https://krantibhaskar.com/bike-thief-gang-caught-five-c/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें