जोधपुर। प्रदेश में दिनों-दिन बिगड़ रही कानून व्यवस्था के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार भाजपा की जोधपुर शहर व देहात कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के बाहर एक दिवसीय धरना दिया गया। साथ ही जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष जगत नारायण जोशी एवं देहात जिलाध्यक्ष जगराम विश्नोई ने बताया कि राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के साथ हो रही लूटपाट, चैन स्नैचिंग, विशेषकर अनुसूचित जाति पर हो रहे अत्याचार एवं जोधपुर महानगर में प्रतिदिन हो रही चैन स्नैचिंग व चोरियां, अवैध सट्टा व जुआघर, स्मैक, अफीम एवं शराब की तस्करी के खिलाफ शुक्रवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना दिया गया। उन्होंने बताया कि जब से कांग्रेस पार्टी की सरकार राजस्थान में बनी है तब से अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। खासतौर पर दलितों, महिलाओं और छोटी बच्चियों के खिलाफ होने वाले अपराध तेज गति से बढ़े है। वहीं समुदाय विशेष की तुष्टिकरण की नीति के तहत उनकी अपराधिक गतिविधियों पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। थानागाजी (अलवर) में एक दलित युवती का पति के सामने गैंगरेप किया, उसका वीडियो बनाया और एसपी के सामने पेश होकर मुकदमा दर्ज करवाने के बावजूद भी बदमाशों ने पीडि़त के साथ रेप का वीडियो वायरल कर दिया, सरकार ने अति करते हुए शर्मनाक तरीके से इस घिनौने मामले को दबाने की कोशिश की। महिलाआें के प्रति अपराधों में करीब 47 प्रतिशत वृद्धि हुई है। गत छह माह में 21 हजार से ऊपर महिलाओं के प्रति अपराध दर्ज हुए है। वहीं प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के 6 माह में ही 3121 मामले अनुसूचित जाति के प्रति संगीन अपराधों के घटित हुए है, जिसमें अभी तक भी 47.74 प्रतिशत मामलों में अनुसंधान बकाया है। अनुसूचित जाति की महिलाओं के प्रति जनवरी से जून 2019 तक बलात्कार की 274 घटनाएं हुई, जिनमें अभी भी 133 घटनाओं में अपराधी कानून की पकड़ से दूर है। प्रदेश की राजधानी के एक थाने में एक दुष्कर्म पीडि़त महिला न्याय नहीं मिलने के कारण थाने में आग लगा कर जिंदा जल गई, पुलिस ने फिर भी अपराधी को गिरफ्तार नहीं किया। अब उसके मरने के बाद क्राइम ब्रांच ने अपराधी को गिरफ्तार किया लेकिन दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कोई सख्त कार्यवाही नहीं हुई। वहीं अलवर जिले के झिराणा गांव केहरीश जाटव को मामूली कहासुनी में समुदाय विशेष की भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला। इन सबको लेकर राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ्ज्ञ कांग्रेस सरकार के ढूलमूल रवैये की जांच की भी मांग की गई।
धरने के दौरान सांसद व राज्यसभा के मुख्य सचेतक नारायण पंचारिया, महापौर घनश्याम ओझा, पूर्व विधायक कैलाश भंसाली, भाजपा सदस्यता अभियान जिला संयोजक राजेन्द्र बोराणा, जिला महामंत्री सुरेश मूथा, लक्ष्मीचंद धारीवाल, जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन मेघवाल, जिला प्रवक्ता संजय दईया, कार्यालय प्रभारी कन्हैयालाल रांकावत, पार्षद रामस्वरूप प्रजापत, नगेन्द्र शेखावत सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।
source https://krantibhaskar.com/deteriorating-law-and-order/
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें