जोधपुरा। संत चंद्रप्रभ महाराज ने कहा कि जीवन में सच्ची शांति और सफलता चाहिए तो रोज मेडिटेशन कीजिए। मेडिटेशन से जीवन की समस्याओं का सामना करने की ताकत भी मिलती है और उनसे छुटकारा पाने की कला भी। अपने भीतर सकारात्मकता और पवित्रता का संचार करने का सरल रास्ता है मेडिटेशन। जो लोग रोज मेडिटेशन करते है उन्हें सामान्य इंसान से 10 गुना ज्यादा एनर्जी का अनुभव होता है। मेडिटेशन हमारी सोई शक्तियों को जागृत करने में हमारी मदद करता है। संतप्रवर शुक्रवार को गांधी मैदान में चल रही प्रवचनमाला के तहत आइए जानें कैसे करें मेडिटेशन विषय पर शहरवासियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि महावीर, बुध और पतंजलि की साधना का सार एकमात्र ध्यान है। उन्होंने ध्यान से जो उपलब्ध किया और मानव जाति को बांटा उसके लिए यह दुनिया उनकी सदा आभारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जैसे शरीर में सिर और वृक्ष में जड़ मुख्य है वैसे ही समस्त धर्मों का सार है ध्यान। जिसने ध्यान को साध लिया उसने सब कुछ साथ लिया। ध्यान की सिद्धि शास्त्रों को पढऩे या प्रवचन सुनने से नहीं, प्रयोग करने से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि धर्म-कर्म करने के बावजूद लोग क्रोध, वासना, ईष्र्या, आक्रोश जैसे नकारात्मक भावों से छुटकारा प्राप्त नहीं कर पा रहे है इसीलिए ध्यान बेहद उपयोगी है क्योंकि वह हमारे भीतर की जड़ों पर काम करता है और भीतर में समाए दुर्गुणों को दूर कर हमें निर्मल बनाता है। उन्होंने कहा कि ध्यान की जितनी आध्यात्मिक उपयोगिता है उतनी ही व्यवहारिक उपयोगिता भी है। बिना ध्यान के न तो इंसान सही ढंग से जी सकता है न ही शांति और सफलता को प्राप्त कर सकता है। ध्यान हमारे मंकी माइंड को डिवाइन माइंड बनाने में सहयोग करता है। उन्होंने कहा कि सेविंग करते समय कट लग जाना, खाना बनाते समय तवा चिपक जाना, जीभ दातों के बीच में आ जाना, चलते समय ठोकर लग जाना, पैंट पहनने के बाद चेन खुली रह जाना आदि सब ध्यान से कार्य न करने के परिणाम हैं। ध्यानपूर्वक सुई भी रखेंगे तो समय पर मिल जाएगी और लापरवाही से तलवार भी रखेंगे तो नहीं मिल पाएगी। अगर हम प्रत्येक कार्य को ध्यान पूर्वक करें, एक काम और एक मन का मंत्र अपनाएं तो हमसे गलती होना नामुमकिन हो जाएगा। कार्यक्रम में मंच संचालन अशोक पारख ने किया।
चातुर्मास समिति के पवन मेहता ने बताया कि कल शनिवार को गांधी मैदान में जन्माष्टमी पर्व पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस दौरान संत चंद्रप्रभ एक घंटे में समझे संपूर्ण गीता का सार विषय पर जनमानस को संबोधित करेंगे।
source https://krantibhaskar.com/meditation-to-get-peace/
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें