रविवार, 14 जुलाई 2019

चातुर्मास प्रवेश को लेकर निकाली सत्संग शोभायात्रा

जोधपुर। गांधी मैदान में आयोजित होने वाले संत महोपाध्याय ललितप्रभ सागर, चंद्रप्रभ सागर और डॉ. मुनि शांतिप्रिय सागर महाराज के चातुर्मास प्रवेश उत्सव पर रविवार को सत्संग शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया।

शोभायात्रा का प्रारंभ सरदारपुरा प्रथम सी रोड स्थित मेहता भवन से किया गया जो गोल बिल्डिंग और बी रोड होते हुए गांधी मैदान पहुंची। यहां शहरवासियों द्वारा संतों और गुरुभक्तों का स्वागत और अभिनंदन किया गया। शोभायात्रा में सर्वप्रथम वीर प्रभु मंडल द्वारा भगवान की पालकी निकाली गई, गांधी मैदान महिला मंडल एवं मेहता परिवार द्वारा त्रिशला माता के 14 स्वप्नों को धारण किया गया, संबोधि महिला मंडल, भीलवाड़ा द्वारा 108 फीट लंबा जैन ध्वज लहराते हुए चलना शहरवासियों को लुभा गया। कुशल मणि बहु मंडल ने जीव दया का संदेश देने वाली वाहन रैली निकाली। खरतरगच्छ जैन संघ ज्ञान वाटिका के विद्यार्थियों द्वारा छोटे-छोटे रंग बिरंगे ध्वजाओ को धारण किया गया। शोभायात्रा में इंडो पब्लिक स्कूल की बच्चियों द्वारा तिरंगे को फहराते हुए आतंक हटाओ अहिंसा लाओ का संदेश देने वाली भगवान महावीर की झांकी निकाली गई। शोभायात्रा में कुंथुनाथ महिला मंडल ने सुक्त वचनों के बैनर दिखाकर सभी को सदाचार का संदेश दिया। वल्लभ महिला मंडल द्वारा भगवान महावीर के जीवन चरित्र पर प्रस्तुति दी गई। पारस नीति महिला मंडल ने अष्टमंगल धारण कर शहर की समृद्धि में अभिवृद्धि वृद्धि की कामना की। संबोधि महिला मंडल ने दुपट्टे और रंग बिरंगे साफे पहनकर सबका मन अपनी ओर खींच लिया। इस दौरान वर्धमान नवयुवक मंडल द्वारा भारत माता की झांकी प्रस्तुत की गई। शोभायात्रा में शहनाई वादन, पुलिस बैंड, घोड़े की बगिया, नाकोड़ा बैंड, विंटेज कार में भगवान महावीर की तस्वीर दिखाना और ढोल पताशो की आवाज ने शहरवासियों का मन मोह लिया।

जीने की कला पर प्रवचन

शोभायात्रा के गांधी मैदान पहुंचने पर जीने की कला पर 51 दिवसीय विशिष्ट प्रवचन माला का आगाज किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत, ओम प्रकाश रांका, महापौर घनश्याम ओझा, उपमहापौर देवेंद्र सालेचा, चातुर्मास लाभार्थी सुखराज मेहता श्रीमती नीलम मेहता, संबोधि धाम के महामंत्री अशोक पारख, ओसवाल सिंह सभा के अध्यक्ष केएन भंडारी, घेवर चंद कानूगो, पुणे जैन दादावाड़ी टेंपल ट्रस्ट अध्यक्ष भंवरलाल जैन, दिव्य सत्संग समिति मुंबई के अध्यक्ष पारसमल चपलोत, आध्यात्मिक चातुर्मास समिति इंदौर के अध्यक्ष पारसमल कटारिया, नागौर जैन संघ के अध्यक्ष गौतम कोठारी द्वारा प्रभु महावीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। डॉ सीमा दफ्तरी जयपुर द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, इंडिगो पब्लिक स्कूल द्वारा स्वागत नृत्य की भव्य भव्य प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में मंच संचालन अशोक पारख और आभार रत्नेश जैन ने दिया। गांधी मैदान में सोमवार को सुबह 8.45 बजे संत ललित प्रभ 1 घंटे में सीखे जीने की कला विषय पर संबोधन देंगे।

यह कहा मुनिजनों ने

संत चंद्रप्रभ महाराज ने कहा कि हमें जीवन में सुई का काम करना चाहिए कैंची का नहीं। कैची एक का दो करती है और सुई दो को एक करती है। हमारे चातुर्मास का लक्ष्य है इंसानियत को जोडऩा, भाईचारे को स्थापित करना और जोधपुर को हरा-भरा बनाना। उन्होंने कहा कि इस चातुर्मास में हम जल संरक्षण के प्रति वचनबद्ध रहेंगे और इस हेतु तन मन धन से सभी लोगों को जोडऩे का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन देना कुदरत का काम है पर जीवन को कैसे जीना यह हमारा काम है। हमारा रंग कैसा हो यह हम पर निर्भर नहीं हैं पर जीवन का ढंग कैसा हो यह हम पर निर्भर है।



source http://krantibhaskar.com/chathumas-entrance-to-co/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें