मंगलवार, 16 जुलाई 2019

गुरु पूर्णिमा पर शहर में बही आस्था की बयार, गुरुपीठों में गुरु पूजन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओ की भीड़

गुरु पूर्णिमा पर शहर में बही आस्था की बयार, गुरुपीठों में गुरु पूजन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओ की भीड़

जोधपुर। गुरु व शिष्य के प्रेम, आदर स्नेह का प्रतीक गुरु पूर्णिमा पर्व मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरु पूर्णिमा पर शहर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गुरुपीठों में गुरु पूजन के लिए श्रद्धालुओ की भीड़ उमड़ पड़ी।

गुरु-शिष्य के अटूट रिश्ते का पर्व गुरु पूर्णिमा मंगलवार को परंपरागत तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक स्थानों एवं गुरुजनों के मठों पर रुद्राभिषेक, पादुका पूजन एवं गुरु पूजन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम हुए। शिष्यों ने अपने जीवित गुरुजनों को माल्र्यापण कर आशीर्वाद प्राप्त किया और जिनके गुरु देवलोकगमन हो गए है उन्होंने उनके पादूकाओ और फोटो पर माल्यार्पण कर गुरु पूर्णिमा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कई जगह पर भजनों और फूलमंडली का आयोजन करने के साथ गुरु पूर्णिमा की प्रसादी का आयोजन भी किया गया।

गुरु पूर्णिमा पर सनातन एवं जैन धर्म से जुड़े धार्मिक स्थानों पर सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रम प्रारंभ हो गए। रातानाडा स्थित माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में सैनाचार्य अचलानंद गिरी महाराज और बड़ा रामद्वारा सूरसागर में राम सनेही संत रामप्रसाद का शिष्यों द्वारा पूजन किया गया। ओल्ड केम्पस के सामने स्थित श्री पीपलेश्वर महादेव मन्दिर में महंत श्रीधरगिरी महाराज के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मन्दिर सत्संग समिति के पंकज जांगिड़ ने बताया कि सुबह ब्रह्मलीन महंत महादेवगिरी महाराज और महंत शिवचेतनगिरी महाराज की समाधि पर विधिवत पूजा अर्चना हुई। गुरु पूजन के साथ ही महत श्रीधरगिरी महाराज ने शिष्य को दीक्षा दी व दोपहर में प्रसादी का आयोजन हुआ। राधा रानी सेवा समिति जोधपुर द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव प्रतापनगर स्थित हनुमान शनिधाम में मनाया गया। पंडित दामोदर भारद्वाज महाराज के सान्निध्य में सुबह गुरुपूजन का कार्यक्रम शुरू हुआ जो दोपहर तक जारी रहा। इसके बाद आशीर्वचन का कार्यक्रम हुआ। प्रवक्ता हेमसिंह भाटी ने बताया कि इस अवसर पर पंडित दामोदर भारद्वाज महाराज का शिष्यों द्वारा गुरुपूजन किया गया। फतेहसागर ओटे के सामने स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम परिसर मे महंत प्रहलाद के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। आश्रम के उत्तराधिकारी राजेन्द्रदास ने बताया कि इस अवसर पर सर्वप्रथम आश्रम के प्रथम संत रामदास की जीवित समाधि पर पूजा अर्चना हुई। इसके पश्चात गुरु पूजन व समाधि दर्शन के दौरान दोपहर तक सत्संग का आयोजन हुआ। सिवांची गेट गड्डी पहाड़ी पर स्थित सदानन्द सद्गुरु देव महाराज के सोह्म बाबा आश्रम में गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में  भजन कीर्तन व प्रसादी का आयोजन हुआ। गांधी मैदान में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का धूमधाम से आयोजन हुआ जिसमें राष्ट्र संतों के विशेष प्रवचन सत्संग के साथ साथ ब्रह्मांड में रहने वाली गुरु शक्ति की उपासना की गई। चैनपुरा न्यू नागौर रोड स्थित श्री कांची कामकोटी पीठम जगतगुरु शंकराचार्य जयेन्द्र सरस्वती स्वामी धार्मिक ट्रस्ट, जोधपुर के संस्थापक स्वामी मृगेन्द्र सरस्वती के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश राठी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर चैनपुरा स्थित कांची कामकोटी पीठम् पर विभिन्न कार्यक्रमों के तहत गणपति पूजन, लघु रूद्राभिषेक, पादुका पूजन एवं पूर्ण आरती व गुरु पूजनम् एवं चातुर्मास व्रत संकल्प के पश्चात् मध्यान्ह महाप्रसादी का आयोजन किया गया। वहीं फतेहसागर स्थित जैन दादावाड़ी में गुरु पूर्णिमा के पवन अवसर पर दादागुरुदेव महापूजन के साथ अनेक धार्मिक अनुष्ठान किये गए। समिति अध्यक्ष अशोक रांका ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत स्नात्र महापूजन से हुई तत्पश्चात दादा गुरुदेव का जाप किया गया। दोपहर में गुरुदेव का महापूजन किया गया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सम्राट अशोक उद्यान द्वारा पनजी का बेरा गार्डन में योग गुरु राकेश गर्ग का गुरु पूजन कर वन्दना की गई। सन टू ह्यूमन परम आलाय के अनुसार कार्यक्रम संजोयक रामेश्वर सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रमुख हीरालाल प्रजापत, दलवीर सिंह, भजन गायक रामेश्वर सोनी, अशोक  गुप्ता, जगदीश त्रिपाटी, महेश बोहरा, प्रमोद भंडारी, लक्षमण प्रजापत, राम नारायण गोयल, हेतराम गौड़, मनीष सोनी, सत्यनारायण सोनी, श्रीकृष्ण केसारी एवं नारी शक्ति में मंजू सोनी, मन्जू गर्ग, कमला प्रजापति, कल्पना सोनी, सुधा गर्ग आदि उपस्थित थे। माजीसा दिव्य धाम बासनी मालियान मण्डोर में अभिषेक के साथ हवन पूजन कार्यक्रम रखा गया। दिव्य धाम के गादीपति भरत महाराज का भक्तों द्वारा पूजन किया जाकर गुरु दीक्षा की परम्परा का निर्वहन किया गया। रक्तदान, पौधारोपण के पश्चात आज तीसरे दिन भी भक्तों को हर घर में तुलसी का पौधा लगाने के लिए प्रेरित करते हुए पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रवीण मेवाड़ा, चन्द्रप्रकाश दाधीच, अशोक गहलोत, भोमाराम सैन, मुकेश करेसिया, विष्णुसिंह, रामचन्द्र सोलंकी, सीताराम धायल ने सेवाएं दी।

शिक्षकों का किया सम्मान

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एसएफआई के शिष्टमंडल ने नया परिसर स्थित विज्ञान संकाय में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजनों का माला पहनाकर सम्मान किया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एचआर भाटी ने बताया कि शिक्षक व शिष्यों का पवित्र रिश्ता होता है। उस रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन में रहते हुए गुरुजनों का श्रद्धा भाव से मान सम्मान किया जाना चाहिए। इस अवसर पर एसएफआई के विश्वविद्यालय अध्यक्ष रुक्मण सहेलिया, जिला सहसंयोजक अनुज परिहार, अशोक जोया, सागर मेघवाल, मनोज कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं गुरुपूर्णिमा के अवसर पर केएन कॉलेज निदेशक बिना भाटिया का मुंह मीठा कर आशीर्वाद प्राप्त किया जिसमें छात्र नेता ओमसिंह राजपुरोहित, प्रियंका सिंह नरुका, मीनल मेडतिया, कैलाश कंवर राजपुरोहित, विक्रमसिंह, महेंद्र सिंह बुड़किया, रघुवीर सिंह, ,मदन सिंह राजपुरोहित आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर नवनियुक्त वार्डन डॉ. राजश्री राणावत का स्वागत भी किया। शारीरिक शिक्षा विभाग छात्रसंघ अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में केक काटकर गुरुजनों का मुंह मीठा करवाकर आशीर्वाद लिया।

गुरु वन्दन छात्र अभिनन्दन

सरदार दून पब्लिक स्कूल में भारत विकास परिषद् द्वारा ’गुरु वन्दन छात्र अभिनन्दन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारम्भ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। दीप प्रज्जवलन विद्यालय की प्राचार्या व परिषद सदस्यों द्वारा किया गया। परिषद के सदस्यों द्वारा भारत मां को पुष्पाजंलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के तहत कक्षा 6 से 11 वीं तक कक्षा में प्रथम स्थान पर उत्तीर्ण होने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों को छात्रों द्वारा चरण-स्पर्श कर व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। छात्रों ने समूह गान के माध्यम से अपना आभार व्यक्त किया। प्राचार्या डॉ. मयूरी खत्री ने परिषद के सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच का संचालन परिषद के सदस्य दौलतराम ने किया।



source http://krantibhaskar.com/guru-in-the-city-in-the-full-moon/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें