सोमवार, 17 सितंबर 2018

किसानों को दी नवीनतम कृषि पद्धतियों की जानकारी

जोधपुर। केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान द्वारा तीन दिवसीय राज्य स्तरीय किसान मेला गुरुवार को काजरी खेल मैदान में शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत थे। उनके साथ विधायक जोगाराम पटेल, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बलराज सिंह, सम्भागीय आयुक्त ललित कुमार गुप्ता, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबन्धक आरके थानवी, केन्द्रीय शुष्क बागवानी संस्थान बीकानेर के निदेशक डॉ. पीएल सरोज भी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता काजरी निदेशक डॉ. ओपी यादव ने की।
किसान मेला संयोजिका डॉ. प्रतिभा तिवारी ने बताया कि कृषकों को संस्थान में शोध क्षेत्रों में भ्रमण करवाया गया तथा जीवन्त फसल प्रदर्शन द्वारा फसलो, क्रोप केफेटेरिया, बागवानी, सोलर फार्मिंग, जैविक खेती, कृषि पद्धतियों आदि के बारे में जानकारी दी गई। जिन किसानों ने संस्थान की तकनीकियों को अपनाया तथा अन्य लोगों को भी अपनाने के लिए प्रोत्साहित एवं लाभान्वित कियाए उन्हें काजरी किसान मित्र सम्मान से नवाजा गया। किसानों के लिए कृषि फसल एवं उत्पाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही विजय कृषकों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों की समस्याओं व शंकाओं का समाधान किया गया।
मेले में नाबार्ड, कृषि विभाग, आत्मा परियोजना, पशुपालन विभाग, आईसीएआर के 30 संस्थानों, इसरो, आफरी, कृषि विश्वविद्यालय, सरस डेयरी, जोधपुर विश्वविद्यालय आदि केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा प्रर्दशनियां लगाकर किसानों को जानकारी दी गई। इसके साथ ही निजी कृषि से संबंधी फर्मों द्वारा भी प्रदर्शनियां लगाई गई।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें