मंगलवार, 21 अगस्त 2018

शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़, सावन का चौथा सोमवार: हर-हर महादेव और बम-बम भोले से गूंजे शिवालय

जोधपुर। सावन के चौथे सोमवार को सभी शिव मंदिर और शिवालयों में सुबह से ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले की गूंज सुनाई देने लग गई। शिवालयों में सवेरे से ही भक्तों की भीड़ रही। जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक व पूजा अर्चना के लिए शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा।

सावन के चौथे सोमवार को दुग्ध, शहद, इक्षुरस, घृत, गंगाजल आदि से अभिषेक कर महादेव को मनाया गया। शहर के भीतर स्थित अचलनाथ महादेव मंदिर में प्रात: दुग्धाभिषेक किया गया। वहीं चांदपोल स्थित रामेश्वर सिद्धपीठ धाम, जूना खेड़ापति महादेव, महाकालेश्वर महादेव, एकलिंग महादेव, मंडलनाथ, जबरनाथ आदि मंदिरों में सवेरे से भक्तों की भीड़ लगी रही। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जैकारे गुंजायमान होते रहे। सुबह से ही ओमकारा के भजनों और मंत्रों के बीच शिव मंदिरों में रूद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक और अन्य प्रकार के अभिषेक होने के साथ फूल मंडलियां सजाई गई। भक्तों ने शिवालयों में आक, धतूरा, बिल्व पत्र व भांग चढ़ाकर शिव आराधना की।

यहां हुए धार्मिक कार्यक्रम

शहर के भीतरी इलाके में अचलनाथ महादेव मंदिर, पब्लिक पार्क स्थित सार्वजनिक महादेव मंदिर, भूतनाथ, मंडलनाथ, माताजी का थान, रामसागर, सोजती गेट, रातानाड़ा शिव मंदिर, जूना खेड़ापति बालाजी मंदिर और शहर के अन्य प्राचीन व नए बने शिवालयों में सावन के चौथे सोमवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए। शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रही। मंदिरों में भजन-कीर्तन हुए। भगवान शिव को प्रसन्न करने का यह सिलसिला आज दिन भर जारी रहा। इस अवसर पर फूल मण्डली एवं रंग बिरंगी रोशनी भी की गई। प्रमुख शिवालयों में विशेष अनुष्ठान व महारुद्राभिषेक कर मारवाड़ में सुखद वर्षा की कामना की गई। इस कड़ी में चारों तरफ पहाडिय़ों से घिरे वनखंड स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में पंडितों द्वारा प्राचीन शिव पर पंचामृत से अभिषेक कर सभी की मंगल कामना की गई। माता का थान रिद्धि सिद्धि नगर स्थित मां दधीमति नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शंकर का दस हजार घड़ों से जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया गया। 151 किलो हवन सामग्री से पंडित सत्यनारायण पाटोदिया व पंडित जगदीश दाधीच  ने यज्ञ करवाया। श्री घांची युवा संगठन और घांची महिला मंडल महामंदिर की ओर से महादेव का रुद्राभिषेक किया गया और अमरनाथ बर्फानी बाबा की झांकी सजाई गई। युवा संगठन के अध्यक्ष प्रतीक परिहार व सचिव महेश परिहार ने बताया कि घांचियों का बास स्थित शिव मंदिर में बर्फानी बाबा के दर्शन किए गए। समाज के लिए सुरवाड़ी में सरकारी जमीन के पुन आवंटन के लिए भगवान शिव का महाभिषेक किया गया।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें