मंगलवार, 21 अगस्त 2018

सद्भावना दिवस के रूप में मनाई राजीव जयंती, कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर किया गंगाजलाभिषेक

जोधपुर। भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 75वीं जयंती सोमवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाई गई। उनकी जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। कई स्थानों पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उनकी प्रतिमा पर गंगाजलाभिषेक किया गया।

जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पार्टी मुख्यालय पर सुबह शहर अध्यक्ष सईद अंासारी के नेतृत्व में स्व. राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कमेटी के महासचिव आनन्दसिंह चौहान ने बताया कि पार्टी कार्यालय में स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने माला व पुष्प अर्पित कर अपने दिवंगत नेता का स्मरण किया। साथ ही उनके द्वारा बताए गए पद चिन्हों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस कार्यक्रम के बाद गांधी नेहरू विचार मंच व भारत रत्न राजीव गांधी विकास मंच के तत्वावधान में नई सडक़ चौराहा के पास स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर गंगाजलाभिषेक करके पुष्पांजलि अर्पित की गई। साथ ही वहां उपस्थित कांग्रेसजनों को सद्भावना दिवस की प्रतिज्ञा दिलवाई गई। मंच के संस्थापक अध्यक्ष सत्यनारायण गौड़ ने बताया कि इस अवसर पर कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष सईद अंसारी, जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्रसिंह सोलंकी, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेंद्र चौधरी, सुनील परिहार, रमेश बोराणा, पूर्व महापौर डॉ. आेमकुमारी गहलोत, इकबाल खान, अब्दुल गनी फौजदार आदि कांग्रेसी उपस्थित थे। वहीं मानजी का हत्था स्थित भारत सेवा संस्थान पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के प्रभारी नरपतसिंह कच्छवाहा ने बताया कि संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थी, कर्मचारी, समाजसेवियों ने स्व. राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।

मेघ वाटिका में पौधारोपण

कांग्रेस सेवादल के जिला संगठक अब्दुल कय्यूम कुरैशी ने बताया कि राजीव जयंती पर जोधपुर शहर जिला कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक हरेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार महामंदिर तीसरी पोल के बाहर मेघ वाटिका में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर सेवादल के यूसुफ़ नागौरी के नेतृत्व में चेतन चौहान, सुधीर सामरिया, नीरज, सोहन लाल गरबा, विजय रामावत, बन्नेदान चारण, अशोक कड़ेला, रविन्द्र कड़ेला, त्रिलोक पंवार, गणेश बैरवा, भोमाराम हिंगरा, अनिल जयपाल, लेखराज, अशोक मेहरा सहित अनेक कांग्रेसजन व सेवादल कार्यकर्ता मौजूद थे।

सद्भावना की प्रतिज्ञा ली

वहीं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्म दिवस पर समस्त विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सद्भावना दिवस प्रतिज्ञा ली गई। अपर जिला कलेक्टर शहर प्रथम जवाहर चौधरी ने बताया कि आज सभी विभागों में यह प्रतिज्ञा ली गई। इसी तरह कमला नेहरू महिला महाविद्यालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के जन्म दिवस के उपलक्ष में सद्भावना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज की निर्देशिका ने स्व. राजीव गांधी के व्यक्तित्व के बारे में छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित सभी छात्राओं तथा अध्यापकों को सद्भावना दिवस की प्रतिज्ञा दिलाई। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज नामा और डॉ. आरएल सैनी उपस्थित थे।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें