गुजरात : आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद से गुजरात के नए मुख्यमंत्री को लेकर बीजेपी की माथापच्ची सुलझने वाली है. गांधीनगर बीजेपी दफ्तर में पार्टी के विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है. नए सीएम की रेस में सबसे आगे चल रहे नितिन पटेल मीटिंग में हिस्सा लेने पहुंच चुके हैं.
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और आनंदीबेन पटेल भी बैठक में शिरकत कर रहे हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में पटेल को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है और जल्द ही इसका ऐलान भी किया जाएगा.
पीएम मोदी के चहेते हैं पटेल
फिलहाल गुजरात सरकार में स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चहेते हैं. खबरों के मुताबिक,नरेंद्र मोदी की आनंदीबेन पटेल के बाद नितिन पटेल पहली पसंद हैं. पिछले दिनों राजनीतिक उठापटक के बाद आनंदीबेन पटेल ने सोशल मीडिया के जरिए गुजरात के मुख्यमंत्री पद से हटने की इच्छा जाहिर की थी.
गुजरात सरकार में सबसे अनुभवी मंत्री हैं पटेल
नितिन पटेल गुजरात आज के राजनैतिक हालात सबसे बेहतर मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार हैं. सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी की पसंद नितिन पटेल इस लिए भी है कि नितिन पटेल वर्तमान में गुजरात सरकार में सबसे अनुभवी और वरिष्ठ मंत्री भी हैं. दूसरी बात जो नितिन पटेल के पक्ष में जाती है कि वो समय-समय पर गुजरात सरकार के सभी विभागों के मंत्री रह चुके हैं.
विधानसभा चुनाव पर पार्टी की नजर
नितिन पटेल गुजरात के मेहसण्डा जिले के रहने वाले हैं और मेंहसण्डा पाटीदार आंदोलन का गढ़ है. पार्टी नेतृत्व का ये भी मानना है कि नितिन पटेल को मुख्यमंत्री बनाने से पाटीदार आंदोलन कमजोर पड़ेगा. पार्टी का ये भी मानना है कि पटेल की जगह किसी और जाति के नेता मुख्यमंत्री बनाने से पाटीदार आंदोलन एक बार फिर से तेजी पकड़ लेगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें