दलवाड़ा एवं मोटी दमण की घटना
दमण, सं. संघ प्रदेश दमण के दलवाड़ा एवं मोटी दमण विस्तार में स्थित तालाबों में डूबने से दो लोगों की मौत हो गयी है. बताया जाता है कि करीब २५ वर्षीय कौशिक वारली नामक युवक दलवाडा के प्रकाश फलिया में यहां-वहां घुमता रहता था. लोगों के छोटे-बड़े कार्य कर गुजर-बसर करता था. कौशिक पिछले २४ जुलाई को पशुओं को चारा खिलाने दलवाडा तालाब की ओर ले गया था, उस दौरान किसी प्रकार से तालाब में गिर गया. स्थानिकों ने उसे तालाब से निकालकर तुरंत १०८ एम्बुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल भेजा. जहां कौशिक को मृत घोषित किया गया. मामले की शिकायत अशोकभाई रमणभाई पटेल ने दलवाडा पुलिस चौकी में दर्ज करायी है. पुलिस ने सीआरपीसी की धारा १७४ के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम जांच शुरू किया है.
इसी प्रकार से मोटी दमण समाहर्तालय के पीछे के तालाब में नहाने उतरा युवक पानी में डूब गया. जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल देखने को मिला. बताया जाता है कि मोटी दमण के परियारी के नायला पारडी के ९ युवक रविवार शाम को समाहर्तालय के पीछे के तालाब में नहाने के लिए उतरे थे. जिसमें से करीब १९ वर्षीय सुभाष विजय हलपति निवासी कोटी फलिया मोटी दमण की पानी में डूबने से मौत हो गयी. युवक के पानी में डूबने की खबर फौरन दमण पुलिस एवं दमकल विभाग को दी गयी. कडी मशक्कत के बाद रात्रि के करीब साढ़े दस बजे मृतक के शव को बरामद किया गया. दमण पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेजा. मामले में आगे की जांच एएसआई प्रवीण माह्यïावंशी कर रहे है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें