रविवार, 17 जुलाई 2016

राष्ट्रीय सेवा योजना की सामान्य बैठक सम्पन्न 

सिलवासा, सं. शनिवार को सिलवासा स्थित शिक्षा निदेशालय के क्रीड़ा एवं एन.एस.एस. प्रकोष्ठ में दानह के विभिन्न उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत एन.एस.एस. इकाईयों के कार्यक्रम अधिकारियों की सामान्य बैठक एन.एस.एस. को-ऑर्डिनेटर गौरांग एच. वोरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में चालू सत्र 2016-17 की भावी कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा हुई.

बैठक में गौरांग वोरा ने प्रदेश में कार्यरत दस एन.एस.एस. इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों की वर्ष भर के दौरान उनकी उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए चालू सत्र की भावी कार्य योजना और सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न कार्यविधियों पर विस्तृत चर्चा की. एन.एस.एस. गाईड लाईन के तहत कार्यक्रम अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा निदेशक सेजू पी. कुरुविला व एन.एस.एस. राज्य स्तर के अधिकारी आर. एल. गोहील का मार्गदर्शन व अपेक्षित सहयोग हमें निरंतर प्राप्त हो रहा है. उन्होंने चालू सत्र में प्रदेश के रांधा, दपाडा व खानवेल गुजराती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की नई इकाई शुरु करने की अनुमति प्रदान की है. किसी आपात स्थिति में हमारे सैकड़ों स्वयंसेवक अपनी सेवा प्रदान करने में सक्षम है, और इसके लिए कार्यक्रम अधिकारियों को और ध्यान देने की जरुरत है. बैठक में कार्यक्रम अधिकारी भरत जी. टंडेल, ब्रजभूषण सहित अन्य सभी कार्यक्रम अधिकारी मौजूद थे.

इसके साथ ही यह एक सुखद संयोग ही था कि शनिवार को ही गुजरात, संघ-प्रदेश दीव-दमण व दादरा एवं नगर हवेली एन.एस.एस. के रिजनल डायरेक्टर कमल कुमार कार एक औपचारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने सिलवासा आये थे. दानह एन.एस.एस. को-ऑर्डिनेटर गौरांग एच. वोरा ने उनकी आगवानी करते हुए एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारियों से उनका परिचय कराया. इस दौरान कमल कुमार ने गौरांग एच. वोरा व कार्यक्रम अधिकारियों से व्यक्तिगत मुलाकात लेते हुए प्रदेश के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रमों की सूक्ष्म जानकारी लेकर व उचित निर्देश दिया. दुधनी में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर वह वापस अहमदावाद लौट गये.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें