गुरुवार, 9 अप्रैल 2020

कोविड 19 : साड़म में एक मौत और चार कोरोना पीड़ित मिलने से दहशत

राज्य में कोरोना के कारण पहली मौत बोकारो जिले के बेरमो क्षेत्र में होने के बाद दहशत का माहौल है। गोमिया प्रखंड अंतर्गत साड़म पूर्वी पंचायत के चटनियाबागी निवासी बुजुर्ग की जान चली गई। चन्द्रपुरा प्रखंड अंतर्गत तेलो मध्य पंचायत स्थित तेलो गांव के नीचे दरगाह मोहल्ला में एक महिला में पॉजिटिव मिलने के बाद उसके ही परिवार के अन्य तीन सदस्य एक बुजुर्ग, एक किशोरी व एक बालक भी चपेट में आ गए।

पांच दिनों में पांच मामले से इलाके में सनसनी : तेलो में पहला पॉजिटिव मामला 5 अप्रैल की सुबह आया था। जब बांग्लादेश से लौटने के बाद जांच में महिला संक्रमित मिली थी। इसके बाद 3 दिनों की स्थिरता के बाद 9 अप्रैल तेलो की उस महिला के ही परिवार के अन्य तीन सदस्यों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई। हालांकि परिजन-रिश्तेदार मिलाकर 28 सैम्पल रांची रिम्स भेजे गए थे। जिसमें 24 की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। साड़म के एक बुजुर्ग की सांसों को कोरोना ने हमेशा-हमेशा के लिए थाम दिया। सभी पॉजिटिव बीजीएच में भर्ती करा दिये गए हैं तो अन्य चास स्थित गुरु गोविंद इंजीनियरिंग स्कूल में बने क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए हैं। 

तेलो की महिला मरकज में शामिल होकर आई थी :  तेलो में संक्रमण फैलने का तालुकात मरकज से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बोकारो सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार पाठक ने बताया कि चन्द्रपुरा के तेलो से तीन दंपति बांग्लादेश के ढांका गए हुए थे। एक दंपति चंदनकियारी से भी गया था। तबलीगी जमात में शामिल होने के बाद कोलकाता से दिल्ली आकर यहां भी दो-तीन दिन मरकज में शामिल हुए थे। उसके बाद रांची से घर वापसी हुई थी। 

हरियाणा से लौटे ¹युवक ने नाना संग गुजारे कई दिन : साड़म के बुजुर्ग की तो मौत हो गई परंतु वे संक्रमित कैसे हुए, इसे लेकर तहकीकात की जा रही है। वैसे मृतक बिहार सरकार के अधीन डेहरी ऑन सोन में सिंचाई विभाग में कार्य करते थे, जो 2008 में सेवानिवृत्त होकर साड़म स्थित आवास आ गए थे। घर के बगल में मस्जिद में अजान देते थे। हालांकि उसमें संक्रमण के मामले में यह भी बताया जाता है कि पेटरवार प्रखंड के खेतको निवासी युवक जो मजदूरी का काम हरियाणा में करता था, लॉकडाउन होने से पहले घर आया था। फिर साड़म नाना घर पहुंच गया। यहां नाना संग उसने कई दिन गुजारे व फिर खेतको आ गया। ऐसे में गुरुवार देर दोपहर उसे खेतको स्थित घर से बाइक से चास स्थित क्वारंटाइन सेंटर ले जाया गया। वैसे मृतक के परिवार में पत्नी सहित कुल आठ सदस्य रहते हैं। इन सभी आठों व्यक्तियों के अलावा अन्य 14 व्यक्तियों की जांच को लेकर सैंपल लिया गया। सभी को क्वारंटाइन कर दिया गया।



source https://krantibhaskar.com/hindi/hindi-news/state-news/jharkhand-news/5257/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें