गुरुवार, 16 अप्रैल 2020

यूपी : तबलीगी जमातियों को पनाह देने वाले 11 लोग कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से जुड़े तबलीगी जमातियों के संपर्क में रहे या इन्हें पनाह देने वाले मुरादाबाद के 11 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें पांच महिलाएं और आठ साल का एक बच्चा भी है।  गुरुवार रात इनकी जांच रिपोर्ट आने पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। संक्रमित पाए गए अधिकतर लोग पहले से हाई रिस्क एरिया घोषित गलशहीद और बरवलान आदि इलाकों के हैं। एक संक्रमित पीरगैब का रहने वाला है।

बीते दिनों खुलासा हुआ था कि निजामुद्दीन मरकज से जुड़े 13 जमाती मुरादाबाद में 32 दिन तक स्थानीय लोगों की मदद से शहर के अलग-अलग इलाकों में रहे थे। बाद में इन्हीं जमातियों में से हल्द्वानी जाते समय रामपुर में पकड़े गए पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद शहर के चारों इलाकों को हाई रिस्क एरिया घोषित करके जमातियों के सीधे संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन कर दिया गया था। तीन दिन पहले ही इनमें से भी 14 और लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। आज पॉजिटिव पाए गए लोग इन्हीं के परिजन या करीबी बताए जा रहे हैं।

सीएमओ डॉ. मिलिंद चंद्र गर्ग ने बताया कि शहर के हाई रिस्क एरिया से ताल्लुक रखने वाले इन सभी लोगों के परिजनों और उनके निकट संपर्क में आने वाले लोगों की जांच और उन्हें क्वारंटाइन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सबसे ज्यादा सात कोरोना पॉजिटिव गलशहीद के गरियो वाली मस्जिद निवासी एक युवक के सीधे संपर्क वाले हैं। दो ऐसे लोग हैं जो गलशहीद निवासी सरताज अली के संपर्क में थे। सरताज की मौत कोरोना संक्रमण से तीन दिन पहले ही हुई है। एक पॉजिटिव बरवलान के रहने वाले शख्स संपर्क में था। ये सभी पहले से क्वारंटाइन हैं। इनमे पांच महिलाएं एक बच्चा भी है। पॉजिटिव पाए गए सभी मरीजों को लेवल वन में शिफ्ट कर दिया गया है।

पीरगैब बनेगा नया हॉट स्पाट
मुगलपुरा थाना क्षेत्र हालांकि पहले से सील है। यहां एक पॉकेट पीरगैब से एक नया व्यक्ति जमात के संपर्क में आने पर पॉजटिव आया। स्वास्थ्य विभाग ने रात में ही उससे संपर्क वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी। जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें निकल पड़ीं। अब पीरगैब भी नया हाट स्पाट बनेगा और यह आठवां हॉट स्पाट होगा।



source https://krantibhaskar.com/hindi/news/state-news/uttar-pradesh-news/6996/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें