गुरुवार, 13 फ़रवरी 2020

रखोली स्कूल ग्राउंड पर जवाहरलाल नेहरू विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

सिलवासा। संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली एवं दमण एवं दीव शिक्षा निदेशालय द्वारा ३६ वीं संघ प्रदेश स्तरीय जवाहरलाल नेहरू विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी   तथा समग्र शिक्षा अंतर्गत विज्ञान मेला का आयोजन १२ से १४ फरवरी तक किया गया है।
संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली एवं दमण एवं दीव  शिक्षा सचिव डॉ. ए. मुथम्मा ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अतिथि विशेष के रूप में शिक्षा निदेशक   निलेश गुरव उपस्थित थे। अपने अभिभाषण में शिक्षा सचिव ने छात्रों को वैज्ञानिक अभिगम एवं वैज्ञानिक संशोधन के लिए प्रेरणा दी। उन्होंने अपने छात्र जीवन के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से बच्चों में निहित स्वजात शोधी प्रवृत्ति की चर्चा करते हुए वैज्ञानिक सृजनशीलता के प्रति प्रेरित किया। शिक्षा निदेशक   निलेश गुरव ने विभिन्न वैज्ञानिक कृतियों के लिए छात्रों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों की सराहना करते हुए समाज के सतत विकास में विज्ञान एवं तकनीक की उपयोगिता पर बल दिया।   शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रखोली के आचार्य   बी. बी. सोलंकी प्रदर्शनी के मुख्य समन्वयक की भूमिका निभा रहे हैं।
इस विज्ञान प्रदर्शनी का थीम ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं तकनीक’ है। प्रदर्शनी में दादरा एवं नगर हवेली के सरकारी, सरकारी अनुदानित एवं निजी उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के २३९ बाल वैज्ञानिक अपना मॉडल प्रदर्शित कर रहे हैं। प्रदर्शनी में समग्र शिक्षा अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालयों द्वारा ५७ मॉडल एवं संघ प्रदेश स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों द्वारा १२८ मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं।
इस त्रि-दिवसीय प्रदर्शनी में निबंध प्रतियोगिता, वाक् प्रतियोगिता, प्रश्नमंच स्पर्धा एवं विज्ञान आधारित जादू प्रदर्शन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी के प्रथम दिन लगभग ७०० शिक्षक, विद्यार्थी एवं जनसामान्य ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।


source https://krantibhaskar.com/jawaharlal-nehru-science-exhibition-organized-at-rakhli-school-ground/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें