रविवार, 15 सितंबर 2019

007 गैंग के बदमाशों और पुलिस में फायरिंग

007 गैंग के बदमाशों और पुलिस में फायरिंग

जोधपुर। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में 007 के नाम से सक्रिय बदमाशों की गैंग के सरगना सहीराम विश्नोई और उसके साथियों के जोधपुर शहर में आने की सूचना पर शनिवार को पुलिस ने जोधपुर-जयपुर रोड़ पर नाकाबंदी और घेराबंदी की। तब पुलिस और बदमाशों के बीच क्रॉस फायरिंग हो गई। क्रॉस फायरिंग में गैंग का सरगना सहीराम विश्नोई घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथ ही एक अन्य बदमाश को भी पकड़ा है। घायल बदमाश का एमडीएम अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज चल रहा है। वहीं एक अन्य बदमाश भागने में सफल हो गया जिसकी तलाश चल रही है। बताया गया है कि बदमाशों डीसीपी पूर्व धर्मेंद्रसिंह की गाड़ी पर भी फायरिंग की।

शनिवर सुबह पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को सूचना मिली कि जोधपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय 007 गैंग के सरगना सहीराम और उसके कुछ साथी बनाड़ रोड़ पर नाके से आगे सेंट्रल एकेडमी के आसपास आए हुए है। वे एक एसयूवी में है। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी हथियारबंद जाब्ते के साथ संभावित क्षेत्र में पहुंचे और उनकी धरपकड़ के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे घेरना चाहा, लेकिन वह भाग निकला। पुलिस टीम ने डीसीपी धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में लगातार उसका पीछा किया। सहीराम अपना वाहन लेकर शहर के सारण नगर की तरफ भागा। भागते समय उसने डीसीपी की गाड़ी पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। इसके जवाब में पुलिस टीम ने भी गोलियां दागी। इस दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग के दो छर्रे डीसीपी की गाड़ी पर भी लगे। इस बीच सहीराम पैदल भागने लगा लेकिन पुलिस ने उसके दोनों पैर पर फायरिंग कर घायल कर दिया। उसे पुलिस ने घायलावस्था में पकड लिया। वहीं उसके दोनों साथी यशपाल व मंगल स्कूल के पास झाडिय़ों में छिप गए। पुलिस ने घेराबंदी कर यशपाल को तो पकड़ लिया लेकिन मंगल नजदीक बने आर्मी कॉलोनी में घुस गया। इस पर डीसीपी यादव ने आर्मी अफसरों से बातचीत कर  तत्काल आर्मी पुलिस की मदद से कॉलोनी में घेराबंदी करवाई।

भारी पुलिस जाब्ता तैनात

दोपहर बारह से एक बजे के बीच हुए इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाके में जाब्ता बढ़ा दिया और सामान्य लोगों के लिए आवागमन भी बंद कर दिया। बाद में पुलिस आयुक्त प्रफुल्ल कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए एमडीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया जहां हथियारबंद पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में घायल का इलाज जारी है। डीसीपी धर्मेंद्रसिंह बताया कि 007 गैंग के यह बदमाश जोधपुर पुलिस के कई थानों के वांछित अपराधी है। उनकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी और आज सूचना मिलने पर उन्हें पुलिस पकडने पहुंची लेकिन उन्होने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। गौरतलब है 007 गैंग बीते महीने सोशल मीडिया पर हथियार लहराते वीडियों वायरल करने की वजह से सुर्खियों में आई थी।

 



source https://krantibhaskar.com/007-gaing-ke-badamaashon-aur-pulis-ma/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें