गुरुवार, 29 अगस्त 2019

मुख्यमंत्री ने दिया वरिष्ठ अधिवक्ता पुरोहित को कांधा

मुख्यमंत्री ने दिया वरिष्ठ अधिवक्ता पुरोहित को कांधा

जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता मुरलीधर पुरोहित के अंतिम संस्कार में शामिल होने विशेष रूप से बुधवार को सुबह जोधपुर आए। यहां वे पुरोहित की शवयात्रा में शामिल हुए और उन्हें कांधा दिया। उनके साथ ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला भी आए। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के न्यायाधीश दलपतसिंह भंडारी ने भी पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। पुरोहित की शव यात्रा में कांग्रेस व भाजपा सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी पहुंचे। पुरोहित की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान मथुरादास माथुर अस्पताल के सामने शास्त्रीनगर से चांदपोल स्थित स्वर्गाश्रम पहुंची जहां उनकी पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन हो गई।

लोकसभा चुनाव में अपने पुत्र वैभव की हार के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार सुबह पहली बार अपने गृहनगर जोधपुर पहुंचे। वे शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता मुरलीधर पुरोहित की अंतिम यात्रा में शामिल होने आए थे। एयरपोर्ट गहलोत सीधे मुरलीधर पुरोहित के निवास स्थान के लिए रवाना हो गए।  जोरदार बारिश के बीच शास्त्री नगर स्थित पुरोहित के निवास पर पहुंच गहलोत ने उनकी पार्थिव देह पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने परिजनों को ढांढ़स बंधाया। इसके बाद वे मुरलीधर पुरोहित की शवयात्रा में शामिल हुए और उन्हें कांधा दिया।

शहर ने मुखर आवाज खोई

संक्षिप्त बातचीत में गहलोत ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता मुरलीधर पुरोहित का निधन ना केवल उनके लिए व्यक्तिगत आघात है बल्कि जोधपुर शहर ने अपनी एक मुखर आवाज को खो दिया। मुरलीधर पुरोहित से उनका बचपन से नाता रहा। न्यायिक क्षेत्र में बुलन्दियां छूने वाले मुरलीधर पुरोहित समाज सेवा के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहे। उनकी कमी उन्हें हमेशा खलेगी। पूरे शहर के लिए यह अपूरणीय क्षति है। बता दे कि पुरोहित का मंगलवार शाम को निधन हो गया था। वे 99 वर्ष के थे। पुरोहित पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने करीब 70 साल तक वकालत की। उनकी पहचान अधिवक्ता के साथ ही नेता, अभिनेता और खिलाड़ी के रूप में भी थी। पुरोहित के पुत्र आनंद पुरोहित तथा पौत्र कपिल पुरोहित भी हाईकोर्ट में वकालत करते है।

एयरपोर्ट पर उमड़ी भीड़

इधर लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद गहलोत जोधपुर नहीं आए थे। एेसे में कार्यकर्ता उनका बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे थे। आज गहलोत के आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करने एयरपोर्ट पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश के ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला के साथ जोधपुर पहुंचे जहां पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। वहीं जोधपुर के जनप्रतिनिधियों के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। एयरपोर्ट पर जोधपुर के शहर विधायक मनीषा पंवार, लूणी विधायक महेंद्र विश्नोई, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सईद अंसारी, पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश बोराणा, ललित सुराणा के अलावा कई नेता एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। वहीं जोधपुर के संभागीय आयुक्त बीएल कोठारीख् पुलिस कमिश्नर प्रफुल्ल कुमार, आईजी सचिन मित्तल, जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित, डीसीपी प्रीति चंद्रा व धर्मेंद्रसिंह के अलावा कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

बड़ी बहन से बंधवाई राखी

मुख्यमंत्री गहलोत पुरोहित के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। वहां स्नान करने के बाद वे लालसागर स्थित अपने भांजे जसवंतसिंह कच्छवाह के घर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी बड़ी बहन विमला देवी की कुशलक्षेम पूछी और उनसे राखी बधंवाई। वे भांजे रणवीरसिंह व जसवंतसिंह और बहन विमला देवी के साथ करीब पन्द्रह मिनट रहे। उसके बाद गहलोत एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।

आज बाड़मेर आएंगे गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को बाड़मेर आएंगे। अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान गहलोत मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल में मंगला फस्ट ऑयल की दसवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम, केयर्न ऑयल एण्ड गैस, वेदान्ता लिमिटेड की नवीन योजना उज्जवल का उद्घाटन, नन्दी गौशाला का शिलान्यास एवं जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 29 अगस्त को जयपुर से प्रात: 10.30 बजे प्रस्थान कर 11.30 बजे उतरलाई हवाई पट्टी पहुंचेगे। जहां से प्रस्थान गहलोत दोपहर 12 बजे मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल पहुंचकर मंगला फस्ट ऑयल की दसवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके उपरांत केयर्न ऑयल एण्ड गैस, वेदान्ता लिमिटेड की नवीन योजना उज्जवल का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री गहलोत मंगला प्रोसेंिसंग टर्मिनल से दोपहर 1 बजे प्रस्थान कर 1.30 बजे नन्दी गौशाला पहुंचेगे। जहां वे नन्दी गौशाला का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री गहलोत दोपहर 4 बजे मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री गहलोत 5.25 बजे उतरलाई हवाई पट्टी पहुंचेगे। जहां से वे जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।



source https://krantibhaskar.com/chief-minister-given-senior/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें