मंगलवार, 20 अगस्त 2019

छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया शुरू, पुलिस हुई सख्त

छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया शुरू, पुलिस हुई सख्त

जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेज-महाविद्यालयों में सोमवार से छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई। सोमवार को मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया गया। चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही पुलिस भी सख्त हो गई है। सभी कैंपसों में पुलिस तैनात कर दी गई है और आई कार्ड देखकर ही भीतर प्रवेश दिया जा रहा है।

दरअसल प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में 2019-20 के छात्रसंघ चुनाव 27 अगस्त को होंगे। मतगणना 28 अगस्त को होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने इस बार प्रदेश में एक ही चरण में मतदान करने के आदेश जारी किए थे। इस चुनाव की प्रक्रिया सोमवार से आरंभ हो गई। सोमवार को मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया गया। अब बीस अगस्त को आपत्ति के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। नामांकन पत्र 22 अगस्त को दाखिल किए जाएंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच व आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। अगले दिन 23 अगस्त को नाम वापस लिए जाएंगे। शाम को अंतिम उम्मीदवार सूची जारी की जाएगी। 27 अगस्त को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। मतगणना अगले दिन 28 अगस्त को सुबह ग्यारह बजे होगी। चुनाव परिणाम उसी दिन घोषित किया जाएगा। बता दे कि इस बार प्रदेशभर में छात्रसंघ चुनाव एक ही चरण में एक ही दिन में होंगे।

छात्रनेता की गिरफ्तारी पर हंगामा

इधर सोमवार को उदयमंदिर पुलिस ने छात्र नेता रविंद्रसिंह को एक मामले में गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी की सूचना पर उसके समर्थक और राजपूत समाज के लोग उदयमंदिर थाना के सामने एकत्रित हो गए और उसकी रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। वे धरना देकर वहीं बैठ गए। उनका कहना था कि रविंद्रसिंह को चुनाव के चलते पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यहां देर शाम तक माहौल गर्माया हुआ था।



source https://krantibhaskar.com/student-union-election-process/

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें