जोधपुर। बीजेएस कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार रात को एक वाहन चालक ने अपनी गाड़ी को तेज व लापरवाही से चलाते हुए पैदल घूमने के लिए निकली दो गर्भवती महिलाओं और एक युवती को अपनी चपेट में लेकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हादसे में एक गर्भवती महिला और उसके गर्भ में आठ माह के बच्चे की मौत हो गई जबकि दूसरी गर्भवती महिला के गंभीर रूप से घायल होने पर उसके गर्भ में पल रहे करीब आठ माह के शिशु की भी मौत हो गई। इसके विरोध में शनिवार सुबह से ही पीडि़त पक्ष के परिजन और समाज के लोग एमडीएम मोर्चरी के बाहर जमा हो गए और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। मांग पूरी नहीं होने तक उन्होंने शव का पोस्टमार्टम करवाने और शव को उठाने से मना कर दिया। वहीं पुलिस जाब्ता अस्पताल की मोर्चरी में जमा था।
बीजेएस गांधीपुरा गली नम्बर दो में रहने रमेश पुत्र रणजीत भील ने बताया कि शुक्रवार रात्रि करीब आठ बजे उसकी पुत्रवधु नर्बदा पत्नी चेतन भील और पुत्री सोनू तथा पड़ौस में ही रहने वाली एक रिश्तेदार रेखा पत्नी रोहित भील घूमने के लिए पैदल जा रही थी। तब बीजेएस स्थित ट्यूबवैल चौराहा आरटीओ रोड पर पीछे से आई जीप के चालक ने गाड़ी को तेज व लापरवाही से चलाते समय उनको चपेट में ले लिया। दुर्घटना में घायल तीनों को परिजन टैक्सी में डालकर पावटा सैटेलाइट अस्पताल लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद सघन उपचार के लिए एमडीएम अस्पताल में रैफर किया। वहां पर देर रात नर्बदा पत्नी चेतन भील और उसके गर्भ में पल रहे करीब आठ माह के बच्चे की मौत हो गई जबकि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई रेखा के गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई। उसको डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर बाहर निकाला। इस हादसे में घायल सोनू को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों, परिचितों व अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा करते हुए आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव नहीं उठाने पर अड़ गए। मृतका के परिजनोंं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कल रात को हुए हादसे में अब तक ना तो वाहन जब्त किया और नहीं चालक को गिरफ्तार किया। परिजनों ने बताया कि जब तक पुलिस आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार नहीं करेगी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं देगी तब तक वो ना तो पोस्टमार्टम करवाएंगे और ना ही शव उठाएंगे। इधर पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन के बारे में सुराग हाथ लगा है। आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे है।
source https://krantibhaskar.com/jeep-ne-two-pregnant-women/
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें