सोमवार, 10 सितंबर 2018

नाम वापसी के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में

जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के तहत नामांकन वापसी के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। कोर्ट के आदेश से बुधवार को नामांकन दाखिल करने पहुंचे लक्ष्यदीप सिंह राठौड़ व हनुमान तरड़ ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अब अध्यक्ष पद पर सिर्फ एबीवीपी से मूलसिंह, एनएसयूआई से सुनील चौधरी, एसएफआई से दमाराम और एक अन्य प्रत्याशी अरविंद राजपुरोहित मैदान में है।
छात्र संगठनों के मध्य उनकी जीत में बाधक बनने वाले प्रत्याशियों को नाम वापस लेने के लिए छात्र नेता मान मनुहार करते दिखे। वहीं कुछ छात्र नेताओं ने प्रत्याशियों को नाम वापस लेने के लिए दबाव भी बनाया। नामांकन वापसी के समय 7 मिनट के विलंब से पहुंचे एक प्रत्याशी का नामांकन यथावत रखा गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष की प्रत्याशी दीपा का नामांकन खारिज कर दिया गया। वहीं उच्च न्यायालय के निर्देशों पर नामांकन दाखिल करने पहुंचे लक्ष्यदीप सिंह राठौड़ वह हनुमान तरड़ ने अपने नामांकन वापस ले लिए।
मुख्य चुनाव अधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची में अध्यक्ष पद पर 4 प्रत्याशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर 7, महासचिव के पद पर 4 और संयुक्त महासचिव के पद पर 3 प्रत्याशी के साथ शोध प्रतिनिधि के पद पर दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के बाद सभी ने अपने चुनाव प्रचार में तेजी ला दी है।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें