सोमवार, 10 सितंबर 2018

स्कूली छात्राआें ने दिया महिला साक्षरता का संदेश

जोधपुर। श्री महेश शिक्षण संस्थान की इकाई श्री सोहनलाल मनिहार बालिका सीनियर सैकेण्डरी विद्यालय की प्राचार्या अनिता कक्कड़ के निर्देशन में अन्तरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा दो दिवसीय विशेष शिविर शुक्रवार को शुरू हुआ।
कार्यक्रम में महिला साक्षरता को लेकर प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षाविद् महेन्द्र कुमार शर्मा तथा विशेष अतिथि विनिता परिहार एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. डीडी ओझा थे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या अनिता कक्कड़ ने की। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अनिता कक्कड़ ने कहा कि आज भारत में तकनिकी साक्षरता एवं महिला साक्षरता का योगदान सर्वाधिक है फिर भी विकास में औसतन महिला साक्षरता का प्रतिशत पूरे देश में कम है जो एक विचारणीय विषय है। मुख्य अतिथि महेन्द्रकुमार शर्मा ने कहा कि आज के युग में शिक्षा अतिआवश्यक है। शिक्षा के बिना सभी कार्य अधूरे है। विद्यालय शिक्षक मोहम्मद सुलेमान ने कहा कि आज के युग में कम्प्यूटर शिक्षा का भी ज्ञान होना जरूरी है। विद्यालय की व्याख्याता श्रीमती तरूणा बच्छावत ने महिला साक्षरता को बढ़ावा देने की बात कही।
कार्यकम में विद्यालय की एनएसएस छात्राओं ने महिला साक्षरता की अनिवार्यता से सम्बन्धित एक समूह नृत्य प्रस्तुत किया जिसमें गांव व शहर की शिक्षा को तुलनात्मक रूप में दर्शाया गया था। अन्त में एनएसएस समन्वयक विद्यार्थी कल्ला ने इस वर्ष एनएसएस गतिविधियों के अन्तर्गत साक्षरता को मुख्य विषय रखते हुए पूरे वर्ष इच वन व टीच वन कार्यक्रम चलाए जाने की रूपरेखा बताई।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें