शनिवार, 15 सितंबर 2018

प्रेमी युगलों को आपस में मिलाते है इश्किया गजानंद

जोधपुर। देश के कई मंदिर अपनी विशेषताओं के लिए प्रसिद्ध है। मनोकामनाएं पूरी करने के लिए लोग बड़ी श्रद्धा के साथ इन मंदिरों में दर्शन करने पहुंचते है। जोधपुर में भी एक ऐसा ही मंदिर है इश्किया गजानंद मंदिर। जूनी मंडी स्थित इस मंदिर में युवा अपने रिश्ते की मनोकामना लिए गजानंद भगवान के दर्शन करने पहुंचते है। इस मंदिर में प्रेमी युगल भी बड़ी संख्या में पहुंचते है। मान्यता है कि यहां मन्नत मांगने पर रिश्ता बहुत जल्दी तय हो जाता है।

यह है मान्यता

संचार के क्षेत्र में आई क्रांति के कारण अब प्रेमी युगलों के लिए आपस में संवाद करना बहुत आसान हो गया है, लेकिन पहले उनके लिए शहर में मिलना बहुत मुश्किल होता था। ऐसे में बरसों पहले सगाई के बाद प्रेमी युगलों की आपसी मुलाकात के लिए यह मंदिर सबसे उचित माध्यम बना। यह ऐसे स्थान पर बना हुआ है कि इसके आगे खड़े लोग दूर से किसी को आसानी से नजर नहीं आते। इस कारण यहां प्रत्येक बुधवार को प्रेमी युगलों का जमावड़ा लगा रहता। प्रेमी युगलों के मिलन स्थल बनने के कारण इस मंदिर का नाम इश्किया गजानंद मंदिर पड़ गया। धीरे-धीरे संचार के माध्यम सर्व सुलभ हो गए, लेकिन मंदिर की प्रतिष्ठा कम नहीं हुई। आज भी युवा अपना रिश्ता जल्दी तय होने की मनोकामना लिए बड़ी संख्या में इस मंदिर में दर्शन करने पहुंचते है। इस मंदिर के पुजारी बताते है कि उनके परिवार के सदस्यों को खुदाई में एक गणपति प्रतिमा मिली थी। इस प्रतिमा को पहले एक पीपल के नीचे प्रतिष्ठित कर दिया गया। बाद में यहां पर एक मंदिर में इसे स्थापित किया गया। बरसों से लोगों की मान्यता इस मंदिर के प्रति बढ़ती जा रही है।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें