सोमवार, 10 सितंबर 2018

एक साथ जान देने को फंदे पर झूला प्रेमी युगल

जोधपुर। संभाग के बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल की एक साथ जान देने की कोशिश कामयाब नहीं हो सकी। प्रेमी युगल ने एक पेड़ से फंदा लगा आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूट जाने के कारण युवती बच गई, जबकि युवक की मौत हो गई। गंभीर अवस्था में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि धोरीमन्ना क्षेत्र के लूखु गांव से एक युवती कल दोपहर से लापता थी। स्कूल में पढऩे वाली इस युवती ने तबीयत ठीक नहीं होने का बहाना कर घर जाने के लिए छुट्टी ली और निकल गई। शाम तक युवती के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। आज सुबह क्षेत्र में एक खेत के निकट युवती बेसुध अपस्था में एक पेड़ के नीचे मिली जबकि पेड़ पर एक युवक का शव रस्सी से बंधा लटक रहा था। युवक की पहचान क्षेत्र के ही गिरधारी के रूप में हुई। युवती के गले में रस्सी बंधी थी। उसका एक सिरा पेड़ पर बंधा हुआ था। उसी से पता चला कि दोनों ने एक साथ जान देने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी कमजोर निकली और युवती का भार सहन नहीं कर पाई। रस्सी टूट जाने के कारण युवती नीचे गिर पड़ी। गंभीर अवस्था में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें