शुक्रवार, 24 अगस्त 2018

हिरण के शिकार का प्रयास करने के आरोपी रिमांड पर, घायल किसान की हालत में सुधार

जोधपुर। महानगर के लूणी थाना क्षेत्र में सजाड़ा गांव में हिरण का शिकार का प्रयास करने के दो आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। इन शिकारियों ने टोपीदार बंदूक से गोली चलाई थी। गोली से निकला छर्रा खेत में काम कर रहे एक कृ षक को लगा था जिससे वह जख्मी हो गया था। उसे मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत में सुधार बताया गया है। शिकारियों से टोपीदार बंदूक के बारे में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि कि सजाड़ा गांव में गुरुवार देर शाम दो युवकों ने एक हिरण पर शिकार की नीयत से गोली चला दी लेकिन गोली हिरण को नहीं लगकर उसका छर्रा पास ही खेत में काम कर रहे रणवीरसिंह को लग गया। उसकी आंख के पास छर्रा लगा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर लूणी थानाधिकारी बंशीलाल वैष्णव आदि  मौका स्थल पर पहुंचे। पकड़े गए शिकारी युवक पाली जिले के रोहिट थानान्तर्गत भाखरी निवासी शेताराम पुत्र रामूराम बावरी और रोहिट के सांवता का मदनलाल पुत्र सोहनराम बावरी है। घटनास्थल से उनकी बिना नंबरी बाइक भी मिली। उनके पास से टोपीदार बंदूक जब्त की गई। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। लूणी पुलिस ने आरंभिक पड़ताल में बताया कि आरोपी युवक बबूल को काटकर जलाने के बाद उसका कोयला बनाते है। कोयला बनाने का ठेका भी लेते है। गुरुवार देर शाम को भी बबूल काटने आए थे लेकिन हिरण नजर आने पर शिकार के लिए गोली चला दी। उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया।

.. इधर चोरी के आरोपी रिमांड पर

शहर के मसूरिया इलाके में शिवाजी मार्ग स्थित एक ज्वैलर के घर से करीब 10-15 तोला स्वर्णाभूषण और 40 हजार रुपए की नकदी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए देवनगर पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में तीसरे बदमाश की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। वारदात करने वाले दोनों युवकों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे चोरी का कुछ माल पुलिस ने बरामद किया है। दोनों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि गत दिनों मसूरिया शिवाजी मार्ग निवासी ज्वैलर भरत सोनी ने देवनगर थाने में केस दर्ज कराया था। इसमें बताया गया कि गत दिनों वे अपने परिवार के साथ प्रदेश से बाहर गए हुए थे। इसी बीच 14 अगस्त की रात को अज्ञात बदमाशों ने घर के ताले तोड़ दिए और भीतर से सोने का करीब चार तोला वजनी हार, चार तोले की चूडिय़ां, डेढ़ तोला वजनी टॉप्स, एक चेन, तीन अंगूठियां और 40 हजार रुपए चुरा लिए थे। पुलिस टीम ने मसूरिया बावरी बस्ती निवासी प्रकाश भील उर्फ  मोडा पुत्र नथूराम और प्रकाश बावरी पुत्र राजूराम को गिरफ्तार किया था। थानाधिकारी सुमेरदान ने बताया कि इनके तीसरे साथी की तलाश जारी है।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें