
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए किए जा रहे कार्यों में डॉक्टर, हेल्थ वर्कर, पुलिस, प्रशासनिक पदाधिकारी-कर्मी, सफाईकर्मी तथा अन्य फ्रंटलाइन वर्कर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। लोगों से मेरी अपील है कि इन लोगों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न करें। ये लोग जान जोखिम में डाल देश व समाज के लिए काम कर रहे हैं। हम सभी का दायित्व है कि इनका उत्साह बढ़ाते रहें। सीएम ने शनिवार को भी संक्रमण से बचाव को किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की व आवश्यक निर्देश दिए।
सीएम ने लोगों से यह भी अपील की है कि कोरोना संक्रमण को लेकर फैल रहे अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों तक सही जानकारी पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि सामाजिक सद्भाव बना रहे। मुख्यमंत्री ने राज्य में कोरोना संक्रमण की अद्यतन स्थिति के साथ-साथ दवा, उपकरण, मास्क, पीपीई किट्स आदि की उपलब्धता एवं आपूर्ति की जानकारी ली। कहा कि कोविड अस्पतालों में आवश्यक दवाओं व उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
दवा एवं उपकरणों की समय पर आपूर्ति कराई जाए
राज्य में कोरोना संक्रमण के इलाज के लिए माइल्ड सिमटम्स वाले मरीजों के लिए कोविड केयर सेंटर, मॉडरेट सिमटम्स वाले मरीजों के लिये कोविड हेल्थ सेंटर तथा गंभीर संक्रमण वाले मरीजों के लिए कोविड हॉस्पीटल का संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि केंद्र सरकार एवं निजी आपूर्तिकर्ताओं से समन्वय कर दवा एवं उपकरणों की ससमय आपूर्ति सुनिश्चित करायें।
source https://krantibhaskar.com/hindi/hindi-news/state-news/bihar-news/5895/
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें