रविवार, 7 अगस्त 2016

चोट लगे तुझको तो दर्द मुझे होता है...कुछ यही हो रहा है बिहार के दरभंगा में


 बिहार : "चोट लगे तुझको तो दर्द मुझे होता है, आंख तेरी छलखे तो दिल ये मेरा रोता है...भाई-भाई में अक्सर ये होता है......" ऐसा हम सबने फिल्मों में देखा है लेकिन हिन्दी फिल्म का ये गीत हकीकत में बदलता नजर आ रहा है बिहार के दरभंगा में. यहां दो जुड़वा भाई के साथ कुछ ऐसा ही हो रहा है. एक को चोट लगती है दूसरा दर्द से कराह उठता है. किसी एक की पिटाई हुई तो दूसरे को भी दर्द का अहसास होता है. फिल्मी कहानी को हकीकत बदलते देख दरभंगा के लोग हैरान हैं.


दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवादा रामपुर गांव में रुनम झा के दो जुड़वा बच्चे लव और कुश के साथ कुछ ऐसा ही हो रहा है. ऐसा होने से न केवल लव और कुश के परिवार वाले हैरान और परेशान हैं बल्कि दरभंगा के डॉक्टर भी इस घटना पर अचंभित हैं.


7 साल की उम्र के लव और कुश की शक्ल भी लगभग एक जैसी है. फिल्मी कहानी अगर असल जिंदगी में हकीकत में बदलने लगे तो हैरानी की बात तो होगी ही. अगर लव बीमार हो जाता है तो कुश को भी बुखार आ जाता है. किसी एक को खांसी हो जाए तो दूसरे को भी छींक आने लगती है. अगर भाई की हड्डी टूट जाती है तो दूसरे भाई की भी हड्डी टूटती है. ऐसा संयोग एक बार हो सकता है लेकिन बार-बार ऐसा ही होने को क्या कह सकते हैं. लव-कुश की मां रुनम झा की मानें तो यह संयोग नहीं बल्कि इस तरह की घटनाएं लव और कुश के साथ बराबर होती हैं. रुनम झा का कहना है कि हड्डी टूटने की ही घटना कई बार इन दोनों के साथ हो चुकी है.


डॉक्टर भी हैं हैरान
बच्चे का इलाज कर रहे डॉक्टर सीएन सर्राफ भी इस घटना को देखकर हैरान हैं. उनका कहना है कि यह तो शोध का विषय है. डॉक्टर सर्राफ का कहना है कि जुड़वां होने पर कई चीजों में समानता हो सकती है लेकिन ऑर्थो में ऐसी घटना होना कहीं से संभव नहीं हैं. ऐसा होना निश्चित रुप से शोध करने का विषय है.


लव और कुश की मां तो इस तरह की घटना को लेकर हमेशा चिंतित रहती है. उनका कहना है कि लव-कुश को लेकर वो डॉक्टर से लेकर भगवान तक दरबार में मत्था टेक चुकी हैं. लेकिन परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही.



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें